वॉशिंगटन, 17 अप्रैल । अमेरिका के फेडेक्स सुविधा में शुक्रवार को हुई गोलीबारी में जिन 8 लोगों की मौत हुई थी उनमें 4 सिख भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक सिख समुदाय के 4 लोग इस गोलीबारी में मारे गए हैं। इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। स्थानीय बिजनसमैन गुरिंदर सिंह खालसा ने इस बारे में जानकारी दी है। मारे गए भारतीयों की पहचान नहीं हो पाई लेकिन भारतीय मूल की एक लॉ स्टूडेंट ने बताया कि उनकी दादी अमरजीत कौर जोहल इस गोलीबारी में मारी गई हैं।
इन चार सिखों की पहचान अमरजीत जोहल (66), जसविंदर कौर (64), अमरजीत स्खोन (48) और जसविंदर सिंह (68) के रूप में हुई है। इनमें से पहली तीन महिलाएं हैं।
इंडियापोलिस मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग की ओर से कहा गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इनकी मौत के कारणों का पता लगेगा। एक अन्य महिला हरप्रीत सिंह गिल (45) जिनकी आंख के पास चोट लगी है वो अस्पताल में भर्ती है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने इस घटना पर संवेदना जताई है।
Posted On:Saturday, April 17, 2021