मुंबई, 15 अक्टूबर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने शुक्रवार को खारान जिले में एक मस्जिद के बाहर मुहम्मद नूर मस्कानजई को गोली मारी। खारान SP ने बताया, हमले में मस्कानजई बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मस्कानजई ने अपने ऐतिहासिक फैसले में रीबा (ब्याज) आधारित बैकिंग को शरिया के खिलाफ बताया था। बलूचिस्तान में बीते दिन एक कार में किए गए विस्फोट में 3 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे। ये हमला मस्तंग जिले के काबू इलाके में एक लोकल लीडर की गाड़ी में किया गया था।
मस्कानजई की मौत पर बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुदूस बिजेंजों ने दुख जताया। उन्होंने कहा, मस्कानजई एक निडर जज थे, उनकी सर्विस को भुलाया नहीं जा सकता। आतंकी अपने इस कायराना हमले से देश को डरा नहीं सकते। क्वेटा बार एसोसिएशन (QBA) के प्रेसिडेंट अजमल खान कक्कड़ ने भी मस्कानजई के हत्या की निंदा की है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान का हर नागरिक मस्कानजई की मौत से दुखी है। खान ने हमलावरों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।