ग्वालियर। गोले के मंदिर थाना क्षेत्र में एक फर्जी पुलिसकर्मी ने जॉब दिलाने का झांसा देकर बीए सेकंड ईयर की स्टूडेंट से 3 लाख के गहने एवं 12200 रुपए ठग लिए। नौकरी और पैसे नहीं मिले तो पता चला कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है। इसके बाद गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
हम आपको बता दें, गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के नारायण विहार कॉलोनी की रहने वाली 20 वर्षीय युवती मुरार के वीआरजी गर्ल्स कॉलेज से BA सेकंड ईयर की छात्रा है। काफी समय से वह जॉब तलाश रही थी। कुछ समय पहले ही उसे पड़ोसी अनीता शर्मा ने अजय उर्फ रिंकू शर्मा नाम के युवक से पहचान कराई। रिंकू ने खुद को मध्य प्रदेश पुलिस में एएसआई बताया था। साथ ही, कहा था कि पुलिस विभाग में उसकी काफी चलती है। वह विभाग में उसकी नौकरी लगवा सकता है। इसके बाद छात्रा अजय के चक्कर में पड़ गई। उसने बायाे डाटा भी दे दिया।
आरोपी ने बताया था कि उसकी बड़ी बहन भोपाल में आईपीएस है। सरकारी जॉब तो मिल रही है। उसके लिए रुपए खर्च होंगे। उसने छात्रा को बातों में फंसा लिया। छात्रा ने उसे 20 अगस्त 2021 को मां का 6 तौला सोना, एक किलो 400 ग्राम चांदी व 12200 रुपए नकद दे दिए। यह गहने और रुपए छात्रा से आरोपी ने कॉलोनी के गेट पर ही लिए थे। इसके बाद न तो छात्रा की जॉब लगवाई और न ही गहने लौटाए। छात्रा ने कई बार मांगे, पर युवक टालता रहा। परेशान होकर छात्रा ने यह बात माता-पिता को बताई। युवती ने पुलिस थाना गोले का मंदिर में शिकायत कर दी। पुलिस ने रिंकू उर्फ अजय शर्मा व अनीता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।