नई दिल्ली, 01 मई । उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने शनिवार को गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों को उनके राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया ने ट्वीट कर कहा, "आज गुजरात दिवस है। महात्मा गांधी, सरदार पटेल की पुण्य भूमि गुजरात ने आधुनिक भारत को दिशा दी है। यह उद्यमिता और अध्यात्म का प्रदेश है। गुजरात संस्कृति और प्रकृति का प्रदेश है। इस अवसर पर प्रदेश के निवासियों के स्वस्थ, सुरक्षित, सफल और सुखी जीवन की कामना करता हूं।"
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, "आज महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर प्रदेश वासियों के स्वस्थ,समृद्ध, सुरक्षित और सुखी जीवन की कामना करता हूं। हमारे राष्ट्रीय जीवन के हर क्षेत्र में प्रदेश वासियों का वंदनीय योगदान रहा है। इस अवसर पर आपकी भावी सफलताओं की कामना करता हूं, आप सभी स्वस्थ रहें, सुरक्षित रहें।"
हर साल 1 मई को महाराष्ट्र और गुजरात अपना-अपना स्थापना दिवस मनाते हैं। बांबे पुनर्गठन अधिनियम 1960 लागू होने के बाद इन राज्यों की स्थापना हुई थी।