मुंबई, 25 मई | महाराष्ट्र में कोविड केस कम होने के साथ ही उद्धव सरकार अब मौजूदा प्रतिबंधों को कम करने पर विचार कर रही है। सूत्रों के अनुसार खबर है,की महाराष्ट्र में चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधों को हटाने पर चर्चा चल रही है। अगर सब प्लान के मुताबिक हुआ तो 1 जून से यहां अनलॉक प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। हालांकि पिछली बार से सबक लेते हुए सरकार फूंक-फूंककर कदम उठा रही है। ऐसे में अनलॉक को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।
मुंबई में पिछले कई दिनों से नए केस डेढ़ हजार के भी कम आ रहे हैं। रिकवरी रेट भी 93 फीसदी हो गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुंबई से कोरोना संकट के बादल अब घट रहे हैं। इससे लोगों की उम्मीद बढ़ गई है कि संभवत: राज्य सरकार 1 जून के बाद लॉकडाउन हटाने से संबंधित कोई फैसला ले सकती है।
हालांकि सीएम उद्धव ठाकरे ने पिछले दिनों साफ कहा था कि वह अनलॉक पर फैसला लेने से पहले 10 बार सोचेंगे। दरअसल पिछली बार कोरोना नियंत्रण में आने के बाद महाराष्ट्र में अनलॉक की प्रक्रिया तेज हो गई थी। इसके चलते दूसरी लहर में पहले से भी ज्यादा तेजी से संक्रमण हुआ।
सूत्रों के अनुसार जानकारी है कि, महाराष्ट्र में चार चरणों में अनलॉक प्रकिया का फैसला लिया जा सकता है। पहले और दूसरे चरण में दुकानों पर निर्णय लिया जा सकता है। मॉनसून के चलते सरकार इसे लेकर गंभीर है।
यह भी कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र में दुकानों के खुलने के समय को भी बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में कई दुकानों को सोमवार से शुक्रवार सुबह 7 बजे से 11 बजे के बीच ही खोलने की अनुमति है। अब ऐसी खबर है कि दुकानों का समय बढ़ाकर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।
तीसरे चरण में सरकार रेस्तरां, बार और वाइन शॉप को खोलने की इजाजत दे सकती है। उनके लिए एक एसओपी भी होगा और साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग को लागू करने के उपाय भी होंगे। रेस्तरां कितनी क्षमता तक खोले जा सकते हैं इस पर भी फैसला लिया जाएगा। राज्य में बीते कुछ दिनों से दुकानें बंद होने की वजह से व्यापारियों को काफी ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है
चौथे चरण में सरकार लोकल सेवा और धार्मिक स्थलों को खोलने की भी मंजूरी दे सकती है। इसके अलावा जिन जिलों में लॉकडाउन या कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं, वहां पर हालात को देखकर फैसला लिया जाएगा।