नई दिल्ली, 15 मई। कारोबारी नवनीत कालरा के पास से 7500 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जब्त किए जाने के बाद मामले ने राजनैतिक रंग ले लिया है। नई दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सासंद मीनाक्षी लेखी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी मामले में फरार आरोपी कालरा का कांग्रेस से सीधा संबंध है।
उन्होंने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस का हाथ हमेशा कालाबाजारियों और जमाखोरों के साथ रहा है। कांग्रेसी इंटरप्राइज आपदा में अवसर ढूंढ़ रही है। लेखी ने कहा कि जो ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कालरा के पास से जब्त किए गए हैं उसकी कीमत लगभग 13 करोड़ रुपये की है। ऐसे जालसाझों को कांग्रेस क्यों समर्थन दे रही थी इस बात को बताना चाहिए।
लेखी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके पार्टी के लोग ऑक्सीजन की कमी को लेकर हल्ला मचा रहे थे। अब कांग्रेस से जुड़े कालरा के पास से बड़ी संख्या में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बरामद किया गया है। इस मुद्दे पर भी राहुल गांधी को बोलना चाहिए।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेता अजय माकन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब अजय माकन शहरी विकास मंत्री थे, तो उन्होंने 2004-05 में रॉबर्ट वाड्रा और 2005-06 में नवनीत कालरा को दिल्ली गोल्फ क्लब का नामांकन दिया था। इन बातों से भी सिद्ध होता है की कालरा का कांग्रेस से गहरा संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी सभी कालाबाजारियों और जमाखोरों के वकील हैं।