गुवाहाटी, 01 मई । असम विधानसभा चुनाव के नतीजों के आने में महज कुछ घंटों का समय शेष रह गया है। इस बीच राजनेताओं के दिल की धड़कने काफी तेज हो गयी हैं। आज की रात बहुत भारी होने वाली है। असम में तीन चरणों में हुए मतदान की गिनती रविवार को होने जा रही है। किस पार्टी की सरकार बनेगी इसका खुलासा बहुत जल्द होने वाला। राजनेताओं के दावों पर जनता के उत्तर मिलने का समय आ गया है।
इस बीच विभिन्न राष्ट्रीय मीडिया अपने-अपने सर्वेक्षणों और एग्जिट पोल में इस बार राज्य में फिर से भाजपा गठबंधन के सरकार बनाने की संभावना जता रहे हैं। हालांकि, एग्जिट पोल में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस पार्टी पिछली बार की तुलना में इस बार कुछ बेहतर प्रदर्शन करेगी। वहीं भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस भी एग्जिट पोल से सहमत नजर नहीं आ रही है। भाजपा को अपने सर्वेक्षण में अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं, जबकि एग्जिट पोल ने कम सीटें दिखाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने राज्य में फिर से पार्टी की सरकार बनने का दावा किया है।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) अध्यक्ष रिपुन बोरा ने भी एग्जिट पोल के नतीजों को अस्वीकार कर दिया है। साथ ही कहा है कि इस बार राज्य में कांग्रेस नेतृत्वाधीन महागठबंधन सरकार बनाएगी। ऐसे में दोनों प्रमुख पार्टियों के दावों पर से पर्दा आगामी 24 घंटों के बाद उठने वाला है। एग्जिट पोल के बाद कुछ राजनीतिक दलों में उथल-पुथल मची हुई है।
कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ जीतने वाले विधायक मतगणना के बाद अपना पाला भी बदल सकते हैं। इस तरह की आशंका के बीच कांग्रेस, एआईयूडीएफ और बीपीएफ ने अपने उम्मीदवारों को कुछ दिनों तक एकांतवास में भी रखा था। कोरोना महामारी के आतंक भरे माहौल के बावजूद आम जनता भी दो मई का बेसब्री से इंतजार कर रही है। हर किसी के चेहरे पर एक ही सवाल है कि इस बार किसकी सरकार बनेगी।
राज्य में इस बार तीन चरणों में चुनाव हुए थे। पहले चरण का चुनाव 27 मार्च को हुआ था। पहले चरण में 47 सीटों पर 79.93 फीसदी मतदान हुआ। दूसरे चरण का चुनाव 01 अप्रैल को हुआ था। दूसरे चरण के चुनाव में 39 सीटों के लिए 80.96 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरी ओर तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 06 अप्रैल को हुआ था। तीसरे चरण के 40 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक 85.20 प्रतिशत मतदान हुआ। इस बार राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 233,74,087 थी। इनमें 118,23286 पुरुष मतदाता और 11,550,403 महिला मतदाता हैं। दूसरी ओर राज्य में इस बार कुल 82.04 प्रतिशत मतदान हुआ।