नई दिल्ली, 19 जनवरी (न्यूज़ हेल्पलाइन) देश मे कोविड-19 और उसके वैरिएंट ओमाइक्रोन के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए और उसके आगे प्रसार पर प्रतिबंध की नीयत से भारत सरकार के उड्डयन मंत्रालय ने आज बुधवार 19 जनवरी को एक महत्वपूर्ण फैसले में अन्तरराष्ट्रीय वाणिज्यिक हवाई उड़ानों पर लगे प्रतिबंध को आगामी 28 फरवरी तक के लिए आगे बढ़ाने की घोषणा की है।
नागरिक उड्डयन ने आज एक आधिकारिक पत्र जारी करके कहा है कि प्राधिकरण ने भारत से/के लिए अनुसूचित अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री सेवाओं के निलंबन को 28 फरवरी 2022 को भारतीय समय अनुसार रात के 11 बजकर 59 मिनट तक बढ़ाने का फैसला किया है।
भारत सरकार के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के द्वारा आज जारी पत्र में कहा गया है कि COVID-19 से संबंधित स्थिति को देखते हुए देश के यात्रा और वीज़ा प्रतिबंध का आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत 26 नवंबर को जारी अधिसूचना में आंशिक संशोधन करते हुए नागर विमानन महानिदेशालय अन्तरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ानों पर लगे प्रतिबंध को आगामी 28 फरवरी, 2022 तक बढ़ाया जा रहा है।
इसके तहत भारत में/से अनुसूचित अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री सेवाओं के निलंबन का विस्तार करने का निर्णय लिया है। यह प्रतिबंध सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लागू नहीं होंगी, बल्कि इस दौरान कार्गो संचालन और उड़ान विशेष रूप से डीजीसीए द्वारा अनुमोदित अन्तरराष्ट्रीय वायु सेवाएं जारी रहेंगी।
साथ ही एयर बबल व्यवस्था (हवाई परिवहन एयर बबल व्यवस्था के तहत उड़ानें अनिवार्य रूप से अनुसूचित रूप से उड़ान सेवा देती हैं। लेकिन यहविभिन्न स्थितियों के साथ संचालित होती हैं। उदाहरण के लिए, एयरलाइनों को केवल सीमित संख्या में आगे के गंतव्यों के लिए टिकट बेचने की अनुमति है। कुछ देशों के मामले में, बबल समझौते केवल पॉइंट-टू-पॉइंट ट्रैफ़िक की अनुमति देते हैं।) के तहत उड़ानें प्रभावित नहीं होंगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आज जारी इस पत्र को भारत में/से संचालित सभी विदेशी और घरेलू अनुसूचित एयरलाइंस को सूचित कर दिया है।